कंटेनर चोरी मामले में चार आरोपी गिरफ्तारः पुलिस ने एक करोड़ के एसी और दो पिकअप वाहन बरामद किए

अनिल कुमार

स्मार्ट हलचल|जिले में एयर कंडीशनर से भरे एक कंटेनर की चोरी के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के एयर कंडीशनर और घटना में प्रयुक्त दो पिकअप गाड़ियां भी बरामद की हैं।यह मामला 6 मार्च 2026 को प्रकाश में आया, जब मुंडवाड़ा फुलेरा, जयपुर ग्रामीण निवासी गंगाराम चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके ट्रक ड्राइवर हेमंत सिंह रावत 3 मार्च को अंबाला से अहमदाबाद की ओर एयर कंडीशनर से भरा कंटेनर लेकर जा रहे थे। रास्ते में पीपलाज टोल के पास हाईवे से ट्रक और उसमें भरा माल चोरी हो गया था। इस संबंध में ब्यावर सदर पुलिस थाने में प्रकरण संख्या 68/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा और वृत्ताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में ब्यावर सदर थानाधिकारी गजराज सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि चोरी किया गया ट्रक गुलाबपुरा से बरामद किया गया, जबकि कुल 268 नग एयर कंडीशनर अजमेर और फतेहगढ़ से जब्त किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिकअप गाड़ियां भी जब्त की हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हेमंत सिंह उर्फ सन्नू पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी घापड़ा, थाना करेड़ा, भीलवाड़ा, नरेंद्र पुत्र जगमाल मेहरात निवासी सारणिया, थाना ब्यावर सदर, सुलेमान पुत्र भोजा मेहरात निवासी पुरानी लहरी, थाना ब्यावर सदर और अजीत पुत्र छोटू मेहरात निवासी पुरानी लहरी, थाना ब्यावर सदर के रूप में हुई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।