साढ़े चार क्विंटल अवैध डोडा पोस्त और पिस्टल सहित 5 जिंदा कारतूस बरामद

दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाशी में खुला मादक पदार्थ तस्करी का मामला, तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 441.350 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त, एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया है।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी ब्यावर नरेंद्र पारीक के पर्यवेक्षण में रायपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को गश्त के दौरान ग्राम झूठा के पास एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में डोडा पोस्त से भरे 23 कट्टे मिले, जिनका कुल वजन 441.350 किलोग्राम पाया गया।

तलाशी के दौरान वाहन से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने अवैध डोडा पोस्त, हथियार एवं कारतूस जब्त कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम की भूमिका: कार्रवाई में रायपुर थाना पुलिस के एसआई राजाराम सहित हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल पवन कुमार, सविन खान, तारामचंद, सुभाष, शिवराज और रामलहरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।