सूरौठ।स्मार्ट हलचल।कस्बा सूरौठ में मंगलवार को ई मित्र की दुकान से पेंशन की राशि लेकर जा रहे 85 वर्षीय वृद्ध डुम्मा मीणा से एक युवक फर्जी बैंक कर्मी बनकर 62 हजार सात सौ रुपए की नगदी को ठग ले गया। युवक ने वृद्ध को झांसा दिया कि सरकार ने पुराने नोट बंद कर दिए हैं तथा बैंक आज दोपहर तक ही पुराने नोटों को बदल रही है। बुजुर्ग डुम्मा मीणा ने झांसे में आकर 2700 रूपए की पेंशन राशि तथा घर में रखी 60 हजार रुपए की नकदी पुराने नोट बदलवाने के लिए युवक को सौंप दी। वृद्ध से युवक ने बच्चों के आधार कार्ड भी मांगे। जैसे ही वृद्ध आधार कार्ड लेने के लिए घर के अंदर गया युवक राशि को लेकर फरार हो गया। ठगी की सूचना मिलने पर सूरौठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा सीसीटीवी फुटेज चैक किए।
सूरौठ के मंजरों के पुरा निवासी डुम्मा मीणा ने बताया कि मंगलवार को सुबह 11 बजे के करीब वह अपनी वृद्धावस्था पेंशन की राशि आधार कार्ड से निकलवाने के लिए कस्बे में ब्राह्मण धर्मशाला के पास स्थित अजीत ई मित्र सेंटर की दुकान पर गया था। इतने में ही दुकान पर दो युवक आए। जिनमें से एक ने नीली शर्ट पहन रखी थी। उन युवकों ने ई मित्र संचालक से कहा कि पहले बुजुर्ग के काम को कर दो। ई मित्र संचालक ने आधारकार्ड लेकर ₹2700 की पेंशन राशि निकाल कर डुम्मा मीणा को दे दी। जब डुम्मा मीणा राशि को लेकर अपने घर जा था तो रास्ते में नीली शर्ट वाला युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीछे से आया तथा कहने लगा कि बाबा मैं भी आपके घर की तरफ जा रहा हूं। डुम्मा मीणा युवक की बाइक पर बैठ गया। युवक ने कहा कि वह बैंक कर्मी है तथा पुराने नोटों को सरकार ने बंद कर दिया है। नोट आज दोपहर तक बदले जा रहे हैं। इस पर डुम्मा मीणा ने युवक से कहा कि मेरे पास तो घर पर भी पुराने नोट रखे हुए हैं उन्हें भी बदलवा देना। घर पहुंचकर डुम्मा मीणा 60हजार रुपए की नगदी एवं 2700 रूपए की की पेंशन राशि को बैग में रख कर लाया तथा नोट बदलवाने के लिए युवक को बैग थमा दिया। यूवक ने डुम्मा मीणा से कहा कि नोट बदलवाने के लिए आपके बच्चों के आधार कार्ड की भी जरूरत पड़ेगी। जब डुम्मा मीणा आधार कार्ड लेने घर के अंदर गया तो युवक नगदी को लेकर फरार हो गया। युवक की तलाश भी की गई लेकिन कोई पता नहीं लगा सका। सूरौठ पुलिस ने ई मित्र की दुकान पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। पुलिस ठगी करने वाले युवक की तलाश कर रही है।