प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं हुई तो 64 हजार रुपये लौटाए, शेष 96 हजार मांगने पर धमकी देने का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर लखनऊ में प्लॉट दिलाकर रजिस्ट्री कराने के नाम पर 1.60 लाख रुपये लेने और बाद में रकम वापस करने से इनकार करने का मामला सामने आया है। कौशांबी जनपद के शाखा गांव निवासी अरुण सिंह ने खखरेरू थाने में तहरीर देकर चकिया गांव निवासी अमरजीत सिंह पुत्र रामचंद्र, रंजीत और रामचंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के मुताबिक, पांच मई 2023 को आरोपियों ने उसे लखनऊ में प्लॉट दिलाने और उसकी रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसी के एवज में आरोपियों ने उससे 1.60 लाख रुपये ले लिए। कुछ समय बीतने के बाद जब पीड़ित ने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो आरोपियों ने कथित तौर पर रजिस्ट्री कराने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि काफी दबाव बनाने के बाद आरोपियों ने 64 हजार रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन शेष 96 हजार रुपये देने से इनकार कर दिया। पीड़ित का कहना है कि जब वह अपनी बाकी रकम मांगने आरोपियों के घर पहुंचा तो वहां उसके साथ गालीगलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले में पीड़ित ने स्थानीय पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।