श्रम विभाग का कर्मचारी बनकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय, विभाग ने जारी की एडवायजरी

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|शहर और आस-पास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से श्रमिकों को निशाना बनाने वाला एक नया गिरोह सक्रिय हुआ है। ये जालसाज खुद को श्रम विभाग का कर्मचारी बताकर श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते हैं और उनसे पैसों की ठगी कर रहे हैं।

*योजनाओं के नाम पर मांग रहे रिश्वत*
जानकारी के अनुसार, अज्ञात ठग श्रमिकों को फोन कर कहते हैं कि उनकी कल्याणकारी योजनाओं की फाइल स्वीकृत हो गई है या लाभ मिलने वाला है। इसके बदले में वे ‘सुविधा शुल्क’ या रिश्वत के रूप में मोटी रकम की मांग करते हैं। कई मासूम और जरूरतमंद श्रमिक सहायता राशि की आस में इन ठगों के झांसे में आकर ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर चुके हैं।

*विभाग ने कहा* – “हम कभी फोन नहीं करते”

*मामले की गंभीरता को देखते हुए* विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रम विभाग द्वारा कभी भी किसी श्रमिक को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए फोन नहीं किया जाता है। ऐसे सभी कॉल पूरी तरह से फर्जी और धोखाधड़ी के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।

*श्रमिकों के लिए जरूरी निर्देश* :
किसी के बहकावे में न आएं: विभाग ने अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर विश्वास न करें और न ही किसी को पैसे भेजें।

*सीधे कार्यालय से करें संपर्क:* योजनाओं के संबंध में किसी भी प्रकार की पूछताछ या जानकारी के लिए श्रमिक सीधे श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय, कॉलेज रोड, जयमंदिर सिनेमा के पास, ब्यावर में जाकर संपर्क करें।

*सतर्कता ही बचाव है:* अपनी बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।

*नोट* : यदि आपके पास भी ऐसा कोई संदिग्ध कॉल आता है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित अधिकारियों को दें।