अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत और अजमेर-मेरवाड़ा के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित बृजमोहन लाल शर्मा की 29वीं पुण्यतिथि 29 मार्च को श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इस वर्ष इंटक और स्थानीय समाजसेवी संगठनों ने उनके महान व्यक्तित्व को याद करते हुए इस दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में समर्पित करने का निर्णय लिया है।
*विभिन्न सेवा कार्यों का होगा आयोजन*
इंटक अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पंडित जी का पूरा जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित था। इसी भावना को आत्मसात करते हुए स्थानीय ब्रह्मधाम में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। सेवा दिवस के तहत शहर में निम्नलिखित सेवा कार्य किए जाएंगे:
गौ-सेवा: स्थानीय गौशाला में गायों को लापसी और चारा खिलाया जाएगा।
नर सेवा ही नारायण सेवा: राजकीय चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।
संबल योजना: गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी।
वृद्धजन सम्मान: वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उन्हें ससम्मान भोजन कराया जाएगा।
विकास के पुरोधा थे पंडित जी
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि पंडित बृजमोहन लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री, शिक्षा, श्रम और राजस्व मंत्री के रूप में जो कार्य किए, वे आज भी मिल के पत्थर हैं। उन्होंने न केवल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारी, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत कानून और नीतियां बनाईं। उनकी सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सहभागिता की अपील
आयोजन समिति ने शहर के प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, श्रमिक संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ब्रह्मधाम पहुँचकर जननेता को अपनी पुष्पांजलि अर्पित करें।
