बीएसएनएल ने लॉन्च किया एफटीटीएच ब्रॉडबैंड प्रमोशनल ‘रूरल एंट्री प्लान-259

बूंदी-स्मार्ट हलचल।बीएसएनएल ने अपने ग्रामीण क्षेत्रों के भारतनेट उपभोक्ताओं के लिए एक नया एवं अत्यंत किफायती एफटीटीएच ब्रॉडबैंड प्रमोशनल ‘रूरल एंट्री प्लान-259’ लॉन्च किया है। इस संबंध में बीएसएनएल बूंदी के दूरसंचार जिला प्रमुख श्री जे. पी. मीणा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के भारतनेट के सामान्य वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए यह प्लान अत्यंत लाभदायक एवं किफायती है।यह प्लान 259 रुपये प्रतिमाह के शुल्क पर उपलब्ध है तथा इसे छमाही अथवा वार्षिक भुगतान के रूप में भी लिया जा सकता है। यह प्लान Waves OTT के साथ उपलब्ध है। यह प्रमोशनल ऑफर 90 दिनों के लिए लागू किया गया है। इस प्लान में उपभोक्ताओं को 700 जीबी तक 25 Mbps स्पीड, पूरे भारत में अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग एवं अन्य आकर्षक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

इसके अतिरिक्त बीएसएनएल ने अपने नए एफटीटीएच उपभोक्ताओं के लिए फाइबर बेसिक प्लान-499 भी प्रस्तुत किया है। इस प्लान के अंतर्गत जिस कैलेंडर माह में नया कनेक्शन लिया जाएगा, उस माह के शेष दिनों का किराया नहीं लिया जाएगा। साथ ही अगले तीन माह तक 100 रुपये प्रतिमाह की विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी। इसके पश्चात उपभोक्ता को नियमानुसार 499 रुपये प्रतिमाह का भुगतान करना होगा। इस प्लान में 3300 जीबी तक 60 Mbps स्पीड, 400 से अधिक IFTV चैनलों का निःशुल्क आनंद तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही ONT पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

श्री मीणा ने बताया कि भारतनेट परियोजना के अंतर्गत बूंदी जिले की सभी ग्राम पंचायतों को रिंग टोपोलॉजी के माध्यम से मल्टीपल रूट से फाइबर से जोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था का प्रमुख लाभ यह होगा कि यदि किसी कारणवश एक दिशा से फाइबर लिंक बाधित हो जाता है, तो दूसरी दिशा से उपलब्ध फाइबर कनेक्टिविटी के माध्यम से सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहेंगी। इससे ग्राम पंचायतों की कनेक्टिविटी प्रभावित नहीं होगी तथा संबंधित क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के दूरसंचार एवं ब्रॉडबैंड सेवाएं निरंतर प्राप्त होती रहेंगी।