फर्म से ₹2.20 लाख और स्कूटी लेकर फरार कर्मचारी गिरफ्तार, ₹90 हजार नकद व स्कूटी बरामद

गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची टीम; शेष राशि की तलाश जारी

भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल।गांधीनगर थाना पुलिस ने फर्म से ₹2.20 लाख नकद और स्कूटी लेकर फरार हुए कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹90 हजार नकद और स्कूटी बरामद की है। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन तथा शहर वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी पुष्पा कसोटिया के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कार्तिक मेलाणा ने ई-एफआईआर दर्ज कराई थी कि उसकी फर्म में कार्यरत कर्मचारी 22 मई 2026 को ₹2.20 लाख नकद और स्कूटी लेकर फरार हो गया। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंवरपाल सिंह तंवर उर्फ हैप्पी (24) पुत्र नारायण सिंह तंवर, निवासी बड़ोदिया, थाना बिजयपुर, जिला चित्तौड़गढ़ (हाल निवासी शिवनगर, पुलिस लाइन के पास, गांधीनगर, भीलवाड़ा) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से स्कूटी और ₹90 हजार नकद बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में यह थे:-
पुष्पा कसोटिया – थानाधिकारी, थाना गांधीनगर
जितेंद्र सिंह – हेड कांस्टेबल
भूपेंद्र सिंह – कांस्टेबल
अनिल पुनिया – कांस्टेबल (विशेष योगदान)
बलवीर पुनिया – कांस्टेबल