गांजा तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार, घर से मिला था 10 किलो से ज्यादा गांजा

रणवीर सिंह चौहान भवानी मंडी
भवानीमंडी 28 अप्रैल 2026: स्मार्ट हलचल/ अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भवानीमंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में पिछले 26 दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी लालसिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चल रहा है। इसी के तहत 2 अप्रैल 2026 को पिड़ावा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खेड़ी गांव निवासी लालसिंह पुत्र नारायण सिंह ने अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपा रखा है।

सूचना पर थानाधिकारी रामपाल के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के घर दबिश दी। तलाशी में घर से 10.650 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी लालसिंह मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पिड़ावा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी अमित कुमार व अतिरिक्त एसपी भागचन्द मीणा के निर्देशन में भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन और मुखबिरों की मदद से फरार चल रहे 28 वर्षीय लालसिंह को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
• नाम: लाल सिंह • पिता का नाम: नारायण सिंह • उम्र: 28 साल • पता: खेड़ी, पुलिस थाना पिड़ावा, जिला झालावाड़
पुलिस टीम में शामिल रहे
इस कार्रवाई में थानाधिकारी प्रमोद कुमार के साथ हेड कांस्टेबल सुखदेव सिंह 1103, कांस्टेबल हरिराम 1258 और कांस्टेबल चुरामन सिंह 394 शामिल रहे।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।