नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वर्ष 2008 से चल रहा था वांछित।
एजाज़ अहमद उस्मानी।
नागौर। स्मार्ट हलचल।पुलिस थाना कोतवाली नागौर द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के अलग-अलग मामलों में न्यायालय द्वारा कुल पांच स्थाई वारंट जारी किए गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर आशाराम चौधरी के निर्देशन तथा वृत्त नागौर के सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन के सुपरविजन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस थाना कोतवाली नागौर के थानाधिकारी वेदपाल शिवराण के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्थाई वारंटी राजेशसिंह उर्फ राजेन्द्रसिंह को जयपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेशसिंह उर्फ राजेन्द्रसिंह पुत्र श्री प्रेमसिंह शेखावत, निवासी बरडवा तहसील डीडवाना जिला डीडवाना-कुचामन, वर्ष 2008 से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ माननीय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नागौर न्यायालय द्वारा धोखाधड़ी के विभिन्न प्रकरणों में कुल पांच स्थाई वारंट जारी किए गए थे।
दिनांक 21 मई 2026 को थाना हाजा की टीम में शामिल कांस्टेबल राकेश एवं कांस्टेबल नरेन्द्र ने आरोपी को जयपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चल रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में वांछित एवं फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।