23 साल से फरार 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 2500 किलो डोडाचूरा तस्करी मामले में था वांछित

भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। पुलिस थाना प्रतापनगर में दर्ज 23 वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को साइबर सेल भीलवाड़ा की मदद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी वर्ष 2003 में 2500 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा से भरे लावारिस ट्रक मिलने के मामले में वांछित था।जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देश पर वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक शहर सज्जन सिंह के सुपरविजन में थाना प्रतापनगर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

2003 में लावारिस मिला था डोडाचूरा से भरा ट्रक

पुलिस के अनुसार 10 जून 2003 को थाना प्रतापनगर क्षेत्र में 2500 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा से भरा एक ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला था। इस संबंध में पुलिस थाना प्रतापनगर में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। मामले में आरोपी देवाराम विश्नोई लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस टीम ने तकनीकी एवं साइबर माध्यम से आरोपी की तलाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवाराम विश्नोई पुत्र मानाराम विश्नोई निवासी झोलियाली, थाना झांवर, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस टीम की कार्रवाई

कार्रवाई में थाना प्रतापनगर के थानाधिकारी सुनील ताडा, साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल दीपक जांगिड़, चन्द्रपाल सिंह, किशोर सिंह तथा कांस्टेबल पिन्टू कुमार शामिल रहे।