प्रस्तावित श्मशान भूमि पर अंतिम संस्कार, 5 वर्षों से लंबित स्वीकृति का मुद्दा फिर उठा

गंगापुर। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका गंगापुर के वार्ड संख्या 8 में लंबे समय से प्रस्तावित श्मशान भूमि की स्वीकृति नहीं मिलने का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोमवार को वार्ड संख्या 8 स्थित प्रस्तावित श्मशान भूमि पर रोशन तेली हाल निवासी भीलों की बस्ती, गंगापुर मूल निवासी दरीबा (जिला राजसमंद) का अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि क्षेत्रवासियों द्वारा पिछले लगभग चार वर्षों से इस भूमि को श्मशान के रूप में स्वीकृति देने तथा चारदीवारी करवाने की मांग लगातार की जा रही है। इस संबंध में पूर्व में भी नगर पालिका प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए गए और जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा प्रयास किए गए, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
समाजसेवी राम प्रसाद माली ने बताया कि वार्ड संख्या 8 व आसपास की बस्तियों में सैकड़ों परिवार निवास करते हैं और पुराने श्मशान की दूरी अधिक होने के कारण अंतिम संस्कार के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी कारण जनहित को देखते हुए इस स्थान को श्मशान भूमि के रूप में उपयोग में लाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। जानकारी के अनुसार उक्त प्रस्तावित शमशान भूमि के नजदीक गंगापुर के तथाकथित भूमाफियाओं की जमीन है अगर प्रस्तावित शमशान भूमि को स्वीकृति दी जाती है तो भूमाफियाओं की जमीन की कीमत कौड़ियों में हो जाएगी
सोमवार को हुए अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय लोगों ने एक बार फिर नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित भूमि को जल्द से जल्द श्मशान भूमि के रूप में स्वीकृति दी जाए और आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे चारदीवारी, रास्ता व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि अब प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।