गंदगी फैलाने वाले 65 व्यक्तियों पर 40,000 का जुर्माना, 55 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर से अतिक्रमण हटाए

भीलवाड़ा । जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक/प्लास्टिक कैरी बैग की रोकथाम एवं गंदगी फैलाने वाले, अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है । आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक /प्लास्टिक कैरी बैग से मुक्त करने हेतु निगम द्वारा विशेष अभियान 9 फरवरी से 28 फरवरी के मध्य चलाया जा रहा है, इस अभियान के तहत 21 फरवरी शनिवार को 62 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक/प्लास्टिक कैरी बैग की जब्ती कर 21,700 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया। अभियान के दौरान 1121 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक/प्लास्टिक कैरी बैग की जब्ती कर कुल राशी 2.30 लाख का जुर्माना वसूल किया जा चुका है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंदगी एवं कचरा फैलाने वाले 65 व्यक्तियों पर 40,000 रुपए का जुर्माना किया गया ,गंदगी फैलाने वालों पर अभियान के दौरान कुल 3.71 लाख रुपए का जुर्माना वसूल किया जा चुका है निगम द्वारा अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही करते माणिक्य नगर चौराहा से भीमगंज थाने तक एवं शाम की सब्जी मंडी में अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए एवं 55 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण तोड़े गए। अतिक्रमण हटाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क एवं नाली का पुनर्निर्माण भी नगर निगम द्वारा तीव्र गति से जारी है एवं किसी स्थान पर अगर सड़क एवं नाली के मध्य कच्ची जगह स्थित है तो उस जगह पर भी निगम द्वारा पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा, निगम आयुक्त ने बताया कि निगम द्वारा उक्त अभियान नियमित रूप से चलाया जाकर गंदगी फैलाने वालों एवं सिंगल use प्लास्टिक /प्लास्टिक कैरी बैग एवं अस्थाई अतिक्रमण पर नियमित रूप से कार्यवाही की जाएगी।