कानपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस में बमबाजी, फायरिंग में 3 घायल, एक गिरफ्तार , अन्य की तलाश

सुनील बाजपेई
कानपुर। स्मार्ट हलचल|यहां पुरानी रंजिश के चलते गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस पर जोरदार हमला कर दिया गया। इस दौरान बमबाजी, फायरिंग और मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।दहशत का कारण बनी घटना यह यहां के साउथ जोन में तब हुई जब गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गुजैनी के फत्तेपुर गांव से गुजर रहा था। यात्रा में अंधाधुंध बमबाजी होने लगी। दो दर्जन दबंगों ने बम फेंकने के साथ ही फायरिंग भी शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गई। कई युवक सड़क पर गिर पड़े। बाइकों में भी तोड़फोड़ की गई। यहां महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
इस बवाल की सूचना पर पहुंचे एसीपी नौबस्ता व गुजैनी पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर यात्रा में शामिल लोगों से पूछताछ भी की। इस दौरान एक आरोपित को को गिरफ्तार किया गया जबकि पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।
घटना के बारे में प्राप्त विवरण के अनुसार हनुमंत विहार के गल्ला मंडी केडीए कॉलोनी निवासी अर्पित शुक्ला ने घर में गणेश प्रतिमा की स्थापना की थी। अर्पित ने बताया कि गुरुवार शाम पांच बजे वह गणेश विसर्जन यात्रा में अपने दोस्त अंश शर्मा उर्फ सुदामा व अन्य लोगों के साथ सेन पश्चिम थाना क्षेत्र में स्थित नहर के लिए बाइकों से निकले थे। यात्रा में डीजे की धुन व गाजे-बाजे की थाप पर गणेश भक्त झूमते-नाचते आगे बढ़े रहे थे।
इसी दौरान फत्तेपुर गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों ने सबसे आगे चल रहे मूर्ति रखे ट्रैक्टर को रुकवाया। इसके बाद करीब दो दर्जन लोगों ने यात्रा को घेर लिया और दो से तीन राउंड फायरिंग करते हुए अंधाधुंध बम भी फोड़े। इसके बाद यात्रा में भगदड़ के साथ चीख-पुकार मच गई। इसके बाद लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से लैस दबंगों ने यात्रा में शामिल महिला समेत अंश, अर्पित, अविरल दुबे व मयंक उर्फ मोहित को घेर लिया, फिर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े।
हमलावरों ने बाइकों में तोड़फोड़ भी की। इस घटना से दो अन्य समेत एक महिला बबली भी घायल हुई हैं। विसर्जन यात्रा में फायरिंग व बम फोड़े जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल व गुजैनी पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि एक आरोपियों गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।