रिद्धि-सिद्धि गरबा मंडल के गणेश महोत्सव में सामाजिक सहभागिता का संदेश

सर्वसमाज की महिलाओं ने घरों से तैयार कर लाए पकवान, गणपति को अर्पित किया छप्पन भोग; केसरिया बागा में सजे गणपति का मनोहारी स्वरूप रहा आकर्षण का केंद्र

चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल|वार्ड संख्या 33 स्थित मीणा मोहल्ले में न्यू रिद्धि-सिद्धि गरबा मंडल की ओर से आयोजित दस दिवसीय गणेश महोत्सव के सातवें दिन रविवार को धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का संगम देखने को मिला। आयोजन के तहत भगवान गणपति को छप्पन भोग अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना और आरती के बाद उपस्थित भक्तों एवं श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।इस अवसर पर गणपति बप्पा का आकर्षक एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। भगवान गणेश को केसरिया बागा धारण कराकर मुकुट, आभूषण एवं पुष्पमालाओं से अलंकृत किया गया। केसरिया वस्त्रों और पुष्पों से सजे गणपति का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

सर्वसमाज की महिलाओं ने निभाई सहभागिता

छप्पन भोग के आयोजन में सर्वसमाज की महिलाओं ने सहभागिता निभाई। इसके लिए महिलाओं को ऐच्छिक रूप से 85 पर्चियां वितरित की गई थीं। पर्चियों के माध्यम से निर्धारित प्रसाद के पकवान महिलाओं ने अपने-अपने घरों से तैयार कर लाए और सामूहिक रूप से भगवान गणपति को छप्पन भोग के रूप में अर्पित किए। पूजन के बाद यही प्रसाद उपस्थित भक्तों एवं श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।

गणपति आरती के बाद हुआ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन एवं आरती के साथ हुई। पंचमुखी हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी सत्यनारायण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक गणेश पूजन कराया और भगवान गणपति को छप्पन भोग अर्पित किया। गणपति आरती के बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद गरबा-डांडिया सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

महोत्सव का शुभारंभ गणेश चतुर्थी के अवसर पर हुआ था। दस दिवसीय आयोजन के दौरान बच्चों और बड़ों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता पर जोर

मंडल अध्यक्ष शिवराज मीणा के नेतृत्व में आयोजित महोत्सव में अभियंता अनिल सुखवाल, कपिल शर्मा, रतन मीणा, रोहित मीणा, यशवंत मीणा, मनन मीणा, देवराज मीणा, नवीन मीणा, सोनू मीणा, कमलेश मीणा, कुलदीप मीणा, निर्मल मीणा, विजय मीणा, नितेश मीणा, रितेश कुमावत, विजय कुमावत, किशोर मीणा, लक्ष्यराज सिंह मीणा, जशवंत मीणा, हेमंत मीणा और प्रमोद मीणा सहित मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है। आयोजन में सर्वसमाज के लोगों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मंडल की ओर से शहरवासियों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनने की अपील की गई है।