लुकमान शाह
थांवला |स्मार्ट हलचल|कस्बे नागौर पुलिस ने गुढ़ा जगमालोता गांव में एक राशन की दुकान का ताला तोड़कर गेहूं चोरी करने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 27 कट्टे गेहूं और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बोलेरो गाड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गुढ़ा जगमालोता निवासी राजश्री तिवाड़ी पत्नी मूलचंद तिवाड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनकी राशन की दुकान का ताला तोड़कर गेहूं चोरी कर लिया। सुबह सूचना मिलने पर जब उन्होंने दुकान संभाली, तो पाया कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और वहां रखा अनाज गायब था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नागौर) रोशन मीणा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और जमीनी सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और निम्नलिखित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया:
रफीक मोहम्मद (20 वर्ष), निवासी गुड्डा जगमालोता
अरबाज मोहम्मद (21 वर्ष), निवासी गुढ़ा जगमालोता।
मुकेश मेघवाल (29 वर्ष), निवासी शेखपुरा।
अर्जुन राम मेघवाल (26 वर्ष), निवासी शेखपुरा।
*चोरी का माल और वाहन बरामद*
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 27 कट्टे गेहूं बरामद कर लिए हैं। साथ ही चोरी के माल को ढोने के लिए इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी (RJ 21 UA 8617) को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
चोरी का तरीका
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह रात के समय सुनसान दुकानों या घरों को निशाना बनाता था और अनाज चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपियों ने थांवला क्षेत्र में चोरी की अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।
थांवला थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता से इस मामले का त्वरित निस्तारण संभव हो पाया है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे चोरी की अन्य वारदातों के खुलने की संभावना है।
