गंगापुर – राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका गंगापुर द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 का शुभारंभ नगर पालिका मीटिंग हॉल में किया गया। अभियान के प्रथम दिवस में नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही तथा विभिन्न विभागीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर के दौरान भूमि एवं पट्टा संबंधी प्रकरणों, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, जन्म-मृत्यु पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था तथा अन्य नागरिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण किया गया। साथ ही विभिन्न राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में आमजन को जानकारी प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
शिविर में उपस्थित नागरिकों ने एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं की उपलब्धता तथा त्वरित समाधान की व्यवस्था की सराहना की। नगर पालिका प्रशासन द्वारा शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। शिविर में प्रशासक एवं उपखण्ड अधिकारी विवेक गुर्जर, नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी एवं शिविर प्रभारी
पंकज कुमार मंगल एवं नगरपालिका स्टाफ उपस्थित रहे । नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि शहरी सेवा शिविर अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमानुसार आगामी तिथियों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
