(दीपक राठौर)
बिजौलियाँ। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका बिजौलिया द्वारा गणगौर पर्व के अवसर पर भव्य शाही सवारी का आयोजन किया गया। शाही सवारी में उपखण्ड क्षेत्र सहित आसपास के गांव के लोग शामिल हुए। दोपहर के समय नगर पालिका परिसर में गणगौर पूजन के साथ शुरुआत हुई। शाम के समय नगर पालिका द्वारा शाही सवारी में शामिल होने आए अतिथियों का पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया गया। तत्पश्यात रावले से गणगौर ईशर की शाही सवारी शोभायात्रा के रूप में बैंड की धुनों और पारंपरिक गीतो के साथ रवाना हुई। शाही सवारी में आकर्षण का केंद्र कच्छी घोड़ी नृत्य रहा। कलाकारों ने मशक बैंड की धुनों पर जमकर नृत्य किया। शोभा यात्रा को भव्य रूप देने के लिए घोड़े, ऊंट और पालकी की विशेष व्यवस्था की गई। शोभा यात्रा के मंदाकिनी मंदिर में पहुंचने के बाद परंपरागत रस्म के अनुसार रूठी गणगौर को मनाने की रस्म निभाई गई। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर ईशर गणगौर की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। कलाकारों के द्वारा मंदिर परिसर में सांस्कृतिक एवं लोकगीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। इस दौरान अधिशासी अधिकारी पंकज मंगल, बिजौलिया राज परिवार के सवाई राव दिग्विजय सिंह, कुंवर मृत्युंजय सिंह, कुंवर सौभाग्य सिंह, कर्नल भरत सिंह, राव नटवर सिंह, पूर्व चेयरमैन पूजा चंद्रवाल सहित नगर पालिका कर्मचारी, पूर्व वार्ड पार्षद एवं गणमान्य नागरिक एवं कस्बेवासी उपस्थित रहे।
