चित्तौड़गढ़, 22 मार्च। शहर में गणगौर पूजन के दौरान हुई चैन स्नेचिंग की वारदात का कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरूख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों को नामजद कर उनकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 19 मार्च को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी देवरानी के साथ स्कूटी से अग्रसेन मांगलिक भवन, गांधीनगर जा रही थी। इसी दौरान आयकर विभाग कार्यालय के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद एएसपी सरिता सिंह व डीएसपी बृजेश सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध शाहरूख उर्फ दाढ़ी को डिटेन किया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसी दिन हजारेश्वर महादेव मंदिर के पास एक अन्य महिला से भी चैन स्नेचिंग की गई थी, जिसकी रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है।
मामले में इम्तियाज और सलमान को भी नामजद किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या के प्रयास सहित करीब 15 मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में अजमेर जेल से रिहा हुआ था और नशे का आदी है।
पुलिस की अपील:
• भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें
• कीमती आभूषणों का विशेष ध्यान रखें
• CCTV कैमरों की नियमित निगरानी करें
• संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दे ।
