गेणोली में परंपरा और उल्लास के साथ हुआ होलिका दहन, वैदिक रीति से गूँजे मंत्र
मांडलगढ़/गेणोली (स्मार्ट हलचल)। मांडलगढ़ कस्बे और गेणोली गांव में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांव में प्राचीन परंपराओं को जीवंत रखते हुए शुभ मुहूर्त में वैदिक होलिका दहन किया गया, जिसमें समस्त ग्रामवासियों ने हिस्सा लिया।
बालिकाओं ने अर्पित किए बड़बड़ालिए
होलिका दहन से पूर्व शाम के समय गांव में उत्सव का माहौल रहा। छोटी-छोटी बालिकाओं ने गोबर के कंडों से बने विशेष ‘बड़बड़ालिए’ की मालाएं होलिका को पहनाईं और विधि-विधान से पूजा अर्चना की। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
पंडित कैलाश शर्मा ने करवाया पूजन
रात्रि 8:30 बजे विद्यालय के समीप पंडित कैलाश शर्मा के सानिध्य में वैज्ञानिक और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका का पूजन किया गया। इसके पश्चात अग्नि प्रज्वलित कर होलिका दहन किया गया। गांव के पंच-पटेलों और युवाओं ने जुलूस के रूप में ठान पर पहुँचकर इस पुनीत कार्य में भाग लिया।
“बरसों पुरानी संस्कृति को बचाते हुए हम हर वर्ष सामूहिक रूप से होलिका दहन करते हैं। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।” – स्थानीय ग्रामीण
रिपोर्ट: महावीर सेन गेणोली, मांडलगढ़
