अविनाश मीणा | घाड़ (देवली), टोंक
स्मार्ट हलचल।टोंक जिले के देवली उपखंड की ग्राम पंचायत घाड़ में ‘ग्रामीण सेवा शिविर’ का आयोजन किया गया। राज्य सरकार और जिला प्रशासन, टोंक के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 22 विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी एक मंच पर उपस्थित रहे।
शिविर में देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर और देवली उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान, राजीविका टीम द्वारा कई स्वयं सहायता समूहों को देवली उपखंड अधिकारी रूबी अंसार के माध्यम से चेक वितरित किए गए।
शिविर में दूनी तहसीलदार विनोद कुमार शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी, घाड़ चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा, सरपंच प्रियंका देवतवाल, पटवारी, गिरदावर सहित कई विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। राजस्व, पंचायती राज, विद्युत, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित कुल 22 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।
शिविर में किसानों ने अपने अवरुद्ध खेतों के रास्तों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने पेयजल की कमी और दौलतपुरा में गंदे पानी के जलभराव से हो रही परेशानी से भी अवगत कराया।
घाड़ कस्बे के मुख्य बस स्टैंड से दूनी रोड वाली विद्युत लाइन के जगह-जगह कटे होने और बार-बार लाइन फॉल्ट होने की शिकायत की गई, जिसके लिए नई केबल डलवाने हेतु विभाग के जैन संदीप श्रीवास्तव को अवगत कराया गया। घाड़ क्षेत्र में हो रहे बेखौफ अवैध खनन का मुद्दा भी विधायक राजेंद्र गुर्जर और उपखंड अधिकारी रूबी अंसार के सामने चर्चा का विषय रहा, जिस पर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।
किसान दुर्गा शंकर देवतवाल ने अपने खेत के रास्ते को लेकर महीनों से चक्कर काटने की बात कही, लेकिन जाप्ता उपलब्ध न होने का बहाना बताया जाता रहा। शिविर में कानाराम मीणा दौलतपुरा, महावीर प्रसाद भाटी, विनोद साहू, रमेश देवतवाल, भरत मीणा, शंभू शर्मा, महावीर गुर्जर, राजेश भाट, अनिता मीणा, ममता सैनी सहित कई ग्रामीण व कर्मचारी उपस्थित थे।
