पुनित चपलोत
भीलवाड़ा जिले की बागोर थाना पुलिस पर जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी उनकी रिपोर्ट पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
बागोर थाना क्षेत्र के नवलपुरा गांव निवासी रामेश्वर सिंह के परिवार पर 17 जुलाई को गांव के ही किशन सिंह सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में रामेश्वर सिंह के साथ उनका पुत्र और बेटी घायल हो गए।
पीड़िता गंगा देवी ने बताया, “हम घर पर खाना खा रहे थे। तभी कुछ लोग अचानक घर में घुस आए और हम पर हमला कर दिया। घर की एक लड़की के साथ भी मारपीट की गई और उसे टॉयलेट में धक्का दे दिया। पूरे परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हमारे परिजन अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। जब हम बागोर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने गए तो वहां भी हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, इसलिए आज हम एसपी से न्याय की गुहार लगाने आए हैं।”
वहीं रामेश्वर सिंह के पुत्र कान सिंह ने बताया, “17 जुलाई को हम घर पर बैठकर खाना खा रहे थे। तभी 10 से 15 लोग अचानक घर के बाहर आए और आते ही चाबी निकालने की बात कहते हुए हमारे साथ मारपीट शुरू कर दी। उस समय पूरा परिवार घर पर मौजूद था और सभी के साथ मारपीट की गई। हमारा उनसे कोई विवाद भी नहीं था। हमने बागोर थाने में रिपोर्ट दी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए न्याय की मांग को लेकर आज पुलिस अधीक्षक के पास आए हैं। हमारी मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।”
