घायल मजदूर के भाई ने SP से लगाई न्याय की गुहार, बोला- “ठेकेदार-मालिक ने इलाज तक नहीं कराया”

भीलवाड़ा – संजय कॉलोनी निवासी गोपाल बावरी ने अपने भाई के साथ हुए हादसे को लेकर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। गोपाल बावरी का भाई एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी करता था। काम के दौरान हुए हादसे में उसके हाथ और पैर बुरी तरह टूट गए। अब उसकी चलने की स्थिति भी खत्म हो चुकी है। वहीं डॉक्टरों ने भी हाथ खड़े कर दिये डॉक्टरों ने कहा हे कि अब पैर काटना पड़ेगा । परेशान गोपाल बावरी का कहना है कि उसने अपने भाई के इलाज के लिए ठेकेदार और मकान मालिक को कई बार अवगत करवाया, लेकिन उन्होंने किसी प्रकार का सहयोग नहीं दिया। इस मामले को लेकर सुभाष नगर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई, मगर वहां भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे पूरा परिवार आहत है। इसी मामले को लेकर शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक के सामने गुहार लगाई है। घायल भाई का उचित इलाज करवाया जाए। ठेकेदार और निर्माणाधीन बिल्डिंग के मालिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो ताकि पीड़ित को उसका हक मिल सके। गोपाल बावरी ने बताया कि परिवार में कमाने वाला केवल उसका भाई ही था। हादसे के बाद से पूरे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।