मुकेश खटीक
मंगरोप।घोड़ा का खेड़ा गांव में “एक शाम ऋण मुक्तेश्वर महादेव के नाम”विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह भजन संध्या देर रात से प्रारंभ होकर भोर तक चली,जिसमें क्षेत्रभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिव भक्ति में डूबकर पुण्य लाभ अर्जित किया।कार्यक्रम के दौरान भारत गौरण एवं शंभुलाल जाट द्वारा भगवान शिव को चने की दाल के लड्डू अर्पित किए गए।शिवलिंग पर चढ़ाने के बाद दाल के लड्डू बंध गए जिसे देखकर लोग आश्चर्यचकित हो गए।मुख्य पुजारी महेन्द्र सिंह गौड ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव का माता पार्वती के साथ विवाह हुआ था,इसी परंपरा के निर्वहन में भगवान की विवाह वर्षगांठ के उपलक्ष्य में केक काटकर हर्षोल्लास से आयोजन किया गया।भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन कलाकार भंवरलाल जाट(आमलीगढ़ पांछली)एवं नरपत सिंह नेवरियां ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इसके पश्चात शिव भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने समूचे पांडाल को भक्तिमय बना दिया।श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते नजर आए।कार्यक्रम में म्यूजिशियन राहुल खैराबाद टीम,मातेश्वरी साउंड सिस्टम टीम ने उत्कृष्ट साउंड व्यवस्था प्रदान की,वहीं डांसर जन्नत जांगिड़(भीलवाड़ा)ने धार्मिक भजनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।इस दौरान मन्दिर परिसर श्रद्धालूओं से खचाखच भरा रहा।देर रात तक उन्होंने भगवान के भजनों का आनन्द लिया।भगवान शिव का बैंगन,आंक एवं बिल्वपत्र के पत्तों से विशेष श्रृंगार किया गया,जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।भजन संध्या के उपरांत सामूहिक भोज का आयोजन हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।आयोजन स्थल पर सगस बावजी एवं जोगणिया माता एक साथ विराजमान हैं।वहीं औघड़ बाबा की धुनी पर श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।समग्र आयोजन में श्रद्धा,आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने इस भव्य आयोजन में हिस्सा लिया।

