खेलते समय तीसरी मंजिल से गिरी बच्ची, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई चोट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
रितिक मेहता
डूंगरपुर, स्मार्ट हलचल। शहर के गोकुलपुरा में एक रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में खेलते समय 8 साल की बच्ची तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। इससे बच्ची के सिर और शरीर पर कई जगह गंभीर चोट आई है। बच्ची को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गोकुलपुरा में कुबेर हाइट्स में ये घटना हुई। गोकुलपुरा के कुबेर हाइट्स में 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली निशिका जोशी पुत्री विशाल जोशी पड़ोसी की एक बच्ची के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते दोनों बच्चियां दौड़ रही थी। उसी समय निशिका रेलिंग के पास दौड़ते हुए गई और उसका पैर फिसल गया। जिससे वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर कॉम्प्लेक्स के लोग दौड़कर आए। बच्ची के सिर और शरीर पर कई जगह गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से हालत खराब होने पर परिवार के लोग निशिका को लेकर गुजरात के लिए रवाना हुए। बच्ची को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालात स्थिर है। वहीं घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिसमें बच्ची रेलिंग से नीचे गिरते हुए दिखाई दे रही है।