मूसेवाला मर्डर के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ की गोली मारकर हत्या
कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की हत्या होने की खबर सामने आ रही है। तमाम रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि, अमेरिका में हमलावरों ने गोल्डी बराड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और इस हमले में उसकी मौत हो गई। दावे के मुताबिक, जिन हमलावरों ने गोल्डी बराड़ को मारा। वे डल्ला-लखबीर गैंग के जुड़े हुए हैं। गोल्डी बराड़ की हत्या की जिम्मेदारी उसके विरोधी डल्ला-लखबीर गैंग ने ही ली है। हालांकि, गोल्डी बराड़ की हत्या को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जिसके चलते गोल्डी बराड़ की मौत पर लगातार संशय बरकरार है। विदेशी न्यूज वेबसाइट ने दावा किया कि फ्रैजनो पुलिस लेफ्टिनेंट लेसली विलियम्स ने बताया है कि सेंट्रल फ्रैजनों में गोली लगने के बाद मंगलवार शाम दो व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इनमें से एक की माैत हुई। दावा किया जा रहा है कि उसका नाम गोल्डी बराड़ था। हालांकि इस वारदात की कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल गोल्डी बराड़ की आखिरी लोकेशन फ्रैजनों में ही मिली थी। उल्लेखनीय है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्याकांड का मुख्य आरोपी गोल्डी बराड़ है और लारेंस बिश्नोई का खास साथी है।
विदेश की धरती से भारत में साजिश रचता रहा
गोल्डी बराड़ मूल रूप से पंजाब के फरीदकोट जिले का रहने वाला है और उसका असली नाम सतिंदरजीत बराड़ है। गोल्डी बराड़ कनाडा और यूएस की धरती से भारत में संघीन अपराध को अंजाम देता रहा है। गोल्डी बराड़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी साथी माना जाता है। लॉरेंस बिश्नोई के पीछे गैंग की पूरी बागडोर उसके ही हाथ में रही। गोल्डी बराड़ ने ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग को ओपरेट किया।
जारी हो चुका था रेड कॉर्नर नोटिस
इंटरपोल सेक्रेटेरिएट जनरल (आईपीएसजी), फ्रांस की ओर से गोल्डी बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका था। उसके खिलाफ 15 जून 2022 को लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। इसके बाद 12 दिसंबर 2022 को गोल्डी बराड़ के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। गोल्डी बराड़ साल 2023 में कनाडा के मोस्ट वांटेड की लिस्ट में 15 वें स्थान पर था।
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में मास्टरमाइंड
ध्यान रहे कि, 29 मई को 28 साल के सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले के जवाहर गांव के नजदीक हत्या कर दी गई थी। कारों में सवार होकर आए लॉरेंस गैंग और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गुर्गों ने सिद्धू मूसेवाला को गोलियों से छलनी-छलनी कर डाला था। सिद्धू मूसेवाला की थार गाड़ी पर साइड और सामने से कई राउंड फायर किए गए थे। फिलहाल, सिद्धू के आरोपी पकड़े जा चुके हैं।