अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना को लेकर 400 से अधिक श्रद्धालुओं ने जोगणिया माताजी तक निकाली पदयात्रा

बांगेड़ाघाटा, 06 अगस्त (ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में उत्तम वर्षा, किसानों की समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर बुधवार को ग्राम पंचायत बांगेड़ाघाटा से शक्तिपीठ जोगणिया माताजी तक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। कांग्रेस मंडल संगठन महासचिव गोपाल दीवान के नेतृत्व में लगभग 400 से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था एवं भक्ति के साथ पैदल यात्रा कर माता रानी के दरबार में क्षेत्र की खुशहाली, अमन-चैन एवं अच्छी वर्षा की प्रार्थना की।

यात्रा में बांगेड़ा, मनोहरखेड़ी, गुर्जरखेड़ी एवं दीपपुरा सहित आसपास के गांवों के महिला, पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग में माता रानी के जयकारों, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

जोगणिया माताजी मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, किसानों की उन्नति एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की कामना की।

यात्रा के समापन अवसर पर कनेरा के पूर्व सरपंच तुलसीराम धाकड़, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष कमलेश धाकड़, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ जिला सचिव दिलीप मेघवाल, मंडल सचिव सुनील छीपा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गोपाल दीवान ने कहा कि धार्मिक यात्राएं हमारी संस्कृति, सामाजिक एकता एवं लोककल्याण की भावना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने जोगणिया माताजी से क्षेत्र में अच्छी वर्षा, समृद्धि, शांति एवं सभी के सुखी जीवन की कामना की।