बैंड-बाजों की मधुर धुनों और आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
गौ-वंश की पूजा-अर्चना कर की सेवा
गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की उठी मांग
चार लाख गौभक्तों के हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज लेकर 17 दिसंबर को जयपुर जाएंगे गौसेवक
रेखचन्द्र भारद्वाज
जुरहरा, जिला डीग।स्मार्ट हलचल|ऐतिहासिक कस्बा जुरहरा में मंगलवार को गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा कस्बा गौमाता की भक्ति और धार्मिक उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला शुरू हो गया। प्रभात फेरी के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद गौवंश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्हें गुड़, हरा चारा एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाई गई तथा गौसेवा का संकल्प लिया गया। आयोजन के दौरान भंडारा-प्रसादी का भी आयोजन किया गया।
गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में दोपहर बाद स्थानीय जीव कल्याण एवं गौ सेवा समिति के तत्वावधान में बैंड-बाजों और आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी तथा गौवंश की उपस्थिति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। धार्मिक जयकारों और बैंड-बाजों की गूंज से कस्बे का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इससे पूर्व आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं गौसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गौवंश की रक्षा एवं संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार से गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा प्रदान करने की भी मांग उठाई।
गोपाष्टमी के अवसर पर जानकीदास कोकिलावन के मुख्य आतिथ्य एवं गोवर्धन दास के सानिध्य में शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा नए रामलीला मैदान, कृष्णा कॉलोनी से रवाना होकर मुख्य बाजार, चौपड़ा बाजार, कलाकार मोहल्ला, बस स्टैंड एवं सैनी मोहल्ला सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः आयोजन स्थल पर पहुंची, जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ समारोह का समापन हुआ।
17 दिसंबर को जयपुर पहुंचेगा गौभक्तों का हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज
आयोजन समिति के सुरेन्द्र जंगम, पवन सचदेवा एवं घनश्याम पांचाल ने बताया कि जीव कल्याण एवं गौ सेवा समिति द्वारा कस्बेवासियों के सहयोग से प्रतिवर्ष धार्मिक उत्साह के साथ गोपाष्टमी पर्व मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने के उद्देश्य से एक विशेष जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आगामी 17 दिसंबर को चार लाख गौभक्तों के हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज लेकर जयपुर जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। समिति के सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों से गौसेवा एवं गौसंरक्षण के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
गोपाष्टमी मेले एवं धार्मिक आयोजन में अमित खण्डेलवाल, राजीव अग्रवाल, विष्णु खण्डेलवाल बोनबाड़िया, उपसरपंच प्रतिनिधि विनोद मानवी, प्रमोद खंडेलवाल पेप्सी वाले, भगवानदास पाराशर, सुरेन्द्र जंगम, पवन सचदेवा, पूरन साहू, रामोतार साहू, राजेश साहू, भूरा सैनी, चन्द्रशेखर साहू, अजय वृन्दावनिया, रामवीर गुर्जर पाई वाले, शिवराम प्रजापति, विष्णु गुर्जर, रमेश रुहेला, अनिल साहू, मानसिंह प्रजापति सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, गौभक्त एवं कस्बेवासी उपस्थित रहे।
गोपाष्टमी का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि गौसेवा, सामाजिक एकजुटता और गौवंश संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का भी संदेश देकर संपन्न हुआ।