महावीर सेन, मांडलगढ़ मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल। दीपावली के बाद बुधवार सुबह कस्बे के निकटवर्ती गांव गेणोली में महिलाओं ने परंपरागत विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजा संपन्न की। ग्रामीण अंचल में यह पूजा श्रद्धा, आस्था और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना का प्रतीक मानी जाती है।
इस अवसर पर महिलाओं ने अपने-अपने आँगन, मोहल्लों और घरों के सामने गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति बनाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने दीपक जलाए, मंगल गीत गाए और गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करते हुए परिवार के कल्याण व समृद्धि की प्रार्थना की।
कई स्थानों पर यह पूजा सामूहिक रूप से भी आयोजित की गई, जहाँ महिलाओं ने मिलकर गोवर्धन पूजा के धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए। पूरे गांव में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।


