बन्शीलाल धाकड़
पालका, चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल|राजकीय प्राथमिक विद्यालय रैगरों का सियालिया, पालका में आज विद्यालय परिसर में नवनिर्मित पार्किंग स्थल का उद्घाटन किया गया। पार्किंग स्थल का निर्माण एनएचआईटी वेस्टर्न प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सीएसआर मद के तहत करवाया गया है। उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र सिंह राजपूत ने विद्यालय के लिए पार्किंग स्थल का निर्माण करवाने पर एनएचआईटी वेस्टर्न प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि कम्पनी द्वारा विद्यालय के विकास के लिए किए गए इस कार्य से विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को सुविधा मिलेगी।विद्यालय के अध्यापक अनुपम सिंह चौधरी ने बताया कि उद्घाटन समारोह में टोल प्लाजा मैनेजर धर्मेंद्र सिंह, हरी सिंह देवड़ा, कम्पनी के गणमान्य सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीता रेगर एवं संगीता रेगर सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर कम्पनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष श्रीवास्तव ने विद्यालय को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय को किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर कम्पनी द्वारा अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत आवश्यक कार्य करवाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विद्यालय परिवार ने एनएचआईटी वेस्टर्न प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कम्पनी द्वारा सीएसआर मद के माध्यम से विद्यालय के विकास में दिया गया योगदान विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं सराहनीय है।
