अजमेर संभाग में GRAM अभियान में आशीष सांड बने संभाग समन्वयक

अनिल जांगिड़

अजमेर संभाग में GRAM अभियान में आशीष सांड बने संभाग समन्वयक

स्मार्ट हलचल|ब्यावर बिजयनगर राजस्थान सरकार के ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM) रथ अभियान को गति देने के उद्देश्य से भाजपा संगठन ने अजमेर संभाग के लिए समन्वयकों की घोषणा की है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने संभाग समन्वयकों की सूची जारी की, जिसमें सी.आर. चौधरी, देवीशंकर भूतड़ा, बीरम देव सिंह जोसास और आशीष सांड को अजमेर संभाग का समन्वयक नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति से अजमेर संभाग में GRAM रथों के संचालन, समन्वय और जन-जागरूकता अभियानों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह अभियान किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक, नवाचार और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जा रहा है।
नव-नियुक्त समन्वयक आशीष सांड ने कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरते हुए GRAM अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों के सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में अहम साबित होगी।
आशीष सांड की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में अभियान को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।