ग्राम पंचायत खामोर के मुख्य गेट के बाहर बिजली के तारों में लगी आग, डेयरी बूथ के मीटर का वायर भी जला

शाहपुर।ग्राम पंचायत खामोर के मुख्य गेट के बाहर ट्रांसफार्मर लगे विद्युत खंभे पर सोमवार शाम अचानक बिजली के तारों में आग लग गई। तारों से चिंगारियां और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
आग की चपेट में पास स्थित डेयरी बूथ की दुकान के मीटर का वायर भी जल गया, जिससे दुकान की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। हालांकि समय रहते लोगों ने सतर्कता बरती, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त ट्रांसफार्मर पर उसकी क्षमता से अधिक विद्युत कनेक्शन जुड़े हुए हैं। इसके चलते ट्रांसफार्मर पर लगातार अधिक लोड बना रहता है और आए दिन तारों से चिंगारियां निकलने की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) का स्थानीय कर्मचारी मौके पर पहुंचा और आवश्यक सतर्कता बरतते हुए स्थिति को संभाला। इसके बाद विद्युत आपूर्ति को सुरक्षित करने तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने एवं विद्युत लाइनों के रखरखाव की मांग करते हुए कहा कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।