ग्रामीणों ने अवैध शराब बिक्री पर जताया रोष,कंटेनर व खाली प्लॉट पर संचालन रोकने की मांग

मंगरोप@मुकेश खटीक।पंचायत समिति सुवाणा की ग्राम पंचायत भोली क्षेत्र के मंडपिया गांव के ग्रामीणों ने आबकारी विभाग को शिकायत देकर निर्धारित स्थान के अलावा अन्य जगहों पर कथित रूप से अवैध शराब बिक्री किए जाने का आरोप लगाया है।ग्रामीणों ने मण्डपीया चारणान चौराहा, भोली गांव तथा बाइपास क्षेत्र में लगाए गए कंटेनरों और एक खाली प्लॉट पर शराब विक्रय की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार आबकारी विभाग द्वारा देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकान का आवंटन जानकी प्रोसेस के सामने स्थित सिद्धि विनायक कोल्ड स्टोरेज के पास किया गया है।आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा आवंटित स्थल के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर भी लोहे के कंटेनर लगाकर शराब का विक्रय किया जा रहा है।शिकायत में कहा गया है कि एक कंटेनर भोली गांव में तथा दूसरा मण्डपीया बाइपास पर पुलिया के नीचे लगाया गया है,जहां से नियमों के विपरीत शराब बेची जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित समय और स्थान की शर्तों का उल्लंघन कर अवैध रूप से शराब बिक्री की जा रही है,जिससे आबकारी विभाग के दिशा-निर्देशों की अवहेलना हो रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में मण्डपीया चारणान क्षेत्र में चार अलग-अलग स्थानों पर कंटेनर एवं खाली प्लॉट पर शराब विक्रय केंद्र संचालित करने की तैयारी की जा रही है।ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि आबादी क्षेत्र के समीप इन स्थानों पर शराब बिक्री शुरू हुई तो वहां शराबियों का जमावड़ा लगने लगेगा।इससे गांव में आने-जाने वाली छात्राओं,महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है तथा कानून-व्यवस्था और शांति भंग होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित स्थानों को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है।उन्होंने प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि आवंटित स्थल के अलावा अन्य स्थानों पर संचालित किए जा रहे अथवा प्रस्तावित शराब विक्रय केंद्रों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा मण्डपीया चारणान चौराहा और अन्य स्थानों पर कंटेनर एवं खाली प्लॉट में शराब बिक्री शुरू होने से पहले ही उस पर रोक लगाई जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में जनआक्रोश बढ़ सकता है।फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।