दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|कस्बे की ऐतिहासिक जामा मस्जिद सावर के नवीन तामीर (निर्माण) कार्य पूर्ण होने के उपरांत रविवार को भव्य शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, उलेमा-ए-कराम तथा बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुई। इसके पश्चात मस्जिद के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। नई तामीर में आधुनिक सुविधाओं के साथ पारंपरिक इस्लामिक वास्तुकला का सुंदर समन्वय देखने को मिला। विशाल नमाज़ हॉल, बेहतर रोशनी व्यवस्था, सुसज्जित वुज़ूख़ाना तथा स्वच्छ परिसर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जामा मस्जिद केवल इबादत का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। नई तामीर से क्षेत्रवासियों को बेहतर धार्मिक सुविधाएं मिलेंगी तथा सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को नया आयाम प्राप्त होगा।
शुभारंभ के अवसर पर विशेष दुआ का आयोजन किया गया, जिसमें देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की कामना की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई।
नई तामीर के इस भव्य शुभारंभ से सावर क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। यह जानकारी जाकिर हुसैन मंसूरी ने दी।
