हरियालो राजस्थान अभियान के तहत कादीसहना विद्यालय में 800 पौधों का वृहद वृक्षारोपण

किशन वैष्णव

शाहपुरा@स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कादीसहना में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “एक पेड़ एक शिक्षक” अभियान के अंतर्गत शिक्षकों, विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं भामाशाह देवेंद्र कुमार दाधीच ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए विद्यालय को 100 बड़े आकार के गमले एवं 100 पौधे भेंट किए। उनके सहयोग से विद्यालय परिसर को हरित एवं आकर्षक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को पौधों का वितरण भी किया गया। विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान में लगभग 800 पौधों का रोपण किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य धारा सिंह मीणा ने भामाशाह देवेंद्र कुमार दाधीच, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों के सहयोग की सराहना करते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करे, तो राजस्थान पुनः हराभरा और समृद्ध बन सकता है।” उन्होंने सभी से “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “एक पेड़ एक शिक्षक” अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।