शादी में दूल्हे की जिद पर ऐसी बिगड़ी
बात कि दुल्हन ने शादी से किया इनकार!
बहुत मान-मनौव्वल के बाद भी
वर पक्ष को चुकाने पड़े 5 लाख
शीतल निर्भीक
लखनऊ।स्मार्ट हलचल/उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक शादी समारोह में दूल्हे ने ऐसी जिद की, जिससे नाराज दुल्हन ने फेरे लेने से ही इनकार कर दिया। हैरान करने वाली बात तो ये है कि इन सब के बीच दूल्हे के घरवालों को पांच लाख से अधिक रुपये भी वधू पक्ष को देने पड़े।
बताया जाता है कि यह मामला यूपी के सोनभद्र की सीमा से सटे गढ़वा जिले (झारखंड) के एक गांव का है।जहा शादी के इस मांगलिक बेले पर विवाह मंडप में सिंदूरदान के समय दहेज में बाइक मांगना दूल्हे को भारी पड़ गया। दुल्हन ने लालची दूल्हे के साथ शादी से इनकार कर दिया। घंटों पंचायत के बाद बरात बिन शादी के ही लौट गई। दूल्हा पक्ष को शादी में हुए खर्च के रूप में पांच लाख रुपये भी चुकाने पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार विंढमगंज से सटे गढ़वा जिले के सगमा ब्लॉक अंतर्गत मकरी गांव से बुधवार की शाम बरात 18 किमी दूर भवनाथपुर क्षेत्र में गई थी। बैंड-बाजे पर नाचते-झूमते बराती लड़की के दरवाजे पर पहुंचे। परंपरागत ढंग से द्वारपूजा और जयमाल की रस्में पूरी हुईं। शादी के लिए मंडप में जब सिंदूरदान की बारी आई तो अचानक दुल्हा दहेज में गाड़ी की मांग करने लगा। पहले उसने कार की मांग रखी, फिर समझाने पर बाइक की जिद करने लगा।
पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात
दुल्हे की इस हरकत से लड़की वाले हैरान रह गए। बड़े-बुजुर्गों ने उसे मनाने का काफी प्रयास किया, मगर वह बाइक मिलने के बाद ही मांग में सिंदूर डालने पर अड़ गया। मामला बिगड़ने पर दुल्हन ने भी लालची दूल्हे के साथ शादी करने से इनकार कर दिया और मंडप से उठकर चली गई।
दोनों पक्षों के वरिष्ठों ने मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में लड़की वालों ने दूल्हा और बरातियों को रोक लिया। शादी के आयोजन में हुए खर्च की मांग करने लगे। दोनों पक्षों के बीच घंटों पंचायत के बाद लड़के वालों ने शादी में हुए खर्च 5 लाख 13000 रुपये अदा किए, तब उन्हें छोड़ा गया। बरात बिन दुल्हन के ही लौट गई।