डोटासरा और टीकाराम जूली करेंगे ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान का आगाज़

ब्यावर, स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज, 2 अप्रैल को ब्यावर में जिला स्तरीय “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान का भव्य शंखनाद होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व राज्यमंत्री नसीम अख़्तर इंसाफ़ और जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने ब्यावर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार*
तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद आयोजित बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम अख़्तर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार संवैधानिक मूल्यों को ताक पर रखकर निकाय और पंचायत चुनाव टालने की साजिश रच रही है, जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर वार्ड और गांव तक जाएगी।

*संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा*
जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल भाजपा की तानाशाही को उजागर करेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर कांग्रेस के संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा। ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

इन दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
आज की महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व विधायक हगामीलाल मेवाड़ा, माणक डाणी, पीसीसी सदस्य पारसमल जैन, पीसीसी सचिव कल्पना भटनागर, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष अजमत काठात, सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी सहित धर्मसिंह भाटी, सोहन मेवाड़ा, भरत बाघमार और नरसिंह गहलोत जैसे अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

*सम्मेलन के सफल संचालन हेतु स्वागत* , आवास और रैली प्रबंधन के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि यह सम्मेलन राजस्थान की राजनीति में बदलाव का मील का पत्थर साबित होगा।