स्मार्ट हलचल|चारनेंट के प्राचीन श्री दर्रा बालाजी मंदिर के जीर्णोद्धार की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंदिर के भव्य निर्माण के लिए रविवार को दर्रा बालाजी प्रांगण में ‘श्री दर्रा बालाजी मन्दिर विकास एवं जन सेवा समिति’ की एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता किस्तूर चंद ने की। इस बैठक में मंदिर निर्माण से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।समिति के सचिव लड्डू लाल मीणा ने बताया कि मंदिर के नवनिर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। पंडित बृजमोहन द्वारा निकाले गए शुभ मुहूर्त के अनुसार, मंदिर का शिलान्यास 24 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा। मंदिर का माप 50×51 वर्ग फीट होगा और इसकी ऊंचाई 15.25 फीट रहेगी, जबकि शिखर की कुल ऊंचाई 51 फीट होगी।
मंदिर निर्माण कोष के लिए ग्राम चारनेट की सरसों की तूड़ी की नीलामी की गई। यह बोली 23 लाख 21 हजार रुपए में संपन्न हुई, जो श्रद्धालुओं के उत्साह को दर्शाता है। इस राशि का उपयोग मंदिर निर्माण के शुरुआती कार्यों में किया जाएगा।
यह स्थान भक्तों की गहरी आस्था का केंद्र है। इस भव्य परियोजना के लिए चारनेट, कोटड़ा, गैरोटी, इंदौदा, आगरिया और बहलडी सहित पांच गांवों के सभी बालाजी प्रेमी भक्तों ने एकजुट होकर मंदिर निर्माण का संकल्प लिया है। समिति ने पुष्टि की है कि निर्माण कार्य निर्धारित मुहूर्त के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगा।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भक्त उपस्थित रहे। इनमें मोहन लाल, नन्हू लाल गुर्जर, छोटू लुहार, लादू सैन, मोती माली, जनसी लाल और सकल पंचों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से शामिल थे।
