मंगरोप।हमीरगढ़ उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल के नेतृत्व में मंगलवार को चित्तौड़गढ़–भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई।इस दौरान नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHI) की बेशकीमती भूमि पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण,दुकानों और अन्य ढांचों को हटाया गया।प्रशासन की इस कार्रवाई से हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू हुई और आमजन को बड़ी राहत मिली।उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल ने बताया कि परिवादी ने उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर नेशनल हाईवे पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दी थी।जिसमें अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी।जांच में पाया गया कि न्यू गिल पंजाब होटल मालिक ने पिछले डेढ़ साल से NHI की भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा था।उन्होंने बताया कि संबंधित अतिक्रमणकारियों को पूर्व में अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थ लेकिन इसके बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को भारी जाप्ते के बीच उक्त भूमि पर बने पक्के निर्माण सहित टीन शेड को जेसीबी मशीन से तोड़कर हटाया गया।उपखंड अधिकारी मित्तल ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी दी साथ ही कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस बल एवं नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

