हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसुरी) भू-प्रबंध विभाग द्वारा तहसील क्षेत्र हमीरगढ़ में डीआईएलआरएमपी (डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम) योजना के अंतर्गत सर्वे एवं भूमि अभिलेखों के आधुनिकीकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में तहसीलदार (भू.अ.) कार्यालय हमीरगढ़ ने प्रेस नोट जारी कर राजस्व ग्राम हमीरगढ़ के खातेदार किसानों एवं अन्य खातेदारों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर फॉर्म-7 (पर्चा नोटिस) प्राप्त करने की अपील की है।
तहसीलदार एवं सहायक भू-अभिलेख अधिकारी भंवरलाल सेन ने बताया कि राजस्व ग्राम हमीरगढ़ के फॉर्म नंबर 7 (पर्चा नोटिस) के वितरण का कार्य 9 जुलाई 2026 से नगरपालिका परिसर हमीरगढ़ में प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी खातेदार किसान एवं अन्य खातेदार अपने साथ जमाबंदी की प्रति तथा आधार कार्ड लेकर नगरपालिका परिसर में उपस्थित हों और फॉर्म नंबर 7 (पर्चा नोटिस) प्राप्त करें, ताकि डीआईएलआरएमपी योजना के तहत भूमि सर्वे एवं अभिलेखों के आधुनिकीकरण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न किया जा सके। राजस्व विभाग ने सभी संबंधित खातेदारों से समय पर उपस्थित होकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, जिससे सर्वे कार्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
