हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। हमीरगढ़ रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने रेलवे विभाग से जल्द से जल्द प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है। वर्तमान में हमीरगढ़ रेलवे स्टेशन पर केवल 19345-46 भीलवाड़ा–रतलाम डेमू,19605 -06 उदयपुर–मदार तथा सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 19609-10 उदयपुर–ऋषिकेश एक्सप्रेस का ही ठहराव है। इसके अलावा सुबह और रात के समय जयपुर, अजमेर, दिल्ली, इंदौर और भोपाल की ओर जाने वाली किसी भी प्रमुख ट्रेन का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भीलवाड़ा या चित्तौड़गढ़ जैसे बड़े स्टेशनों तक जाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन जयपुर–भोपाल एक्सप्रेस सुबह लगभग 3 बजे हमीरगढ़ स्टेशन पर क्रॉसिंग के दौरान 5 से 10 मिनट तक खड़ी रहती है, लेकिन इसके बावजूद यहां यात्रियों के लिए ठहराव की सुविधा नहीं दी गई है।
लोगों ने बताया कि लगभग 40–50 वर्षों तक जोधपुर–इंदौर एक्सप्रेस का हमीरगढ़ स्टेशन पर नियमित ठहराव होता था, लेकिन कोरोना काल के बाद यह ठहराव समाप्त कर गंगरार स्टेशन पर कर दिया गया। इसके बाद से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। हमीरगढ़ एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रमिक कार्य करने आते हैं। इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियों के कारण भी बड़ी संख्या में लोगों का अजमेर, जयपुर, दिल्ली, इंदौर, भोपाल सहित अन्य शहरों में आना-जाना लगा रहता है। बावजूद इसके रेलवे द्वारा अब तक किसी नई ट्रेन का ठहराव नहीं दिया गया है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में कई बार सांसद एवं रेलवे अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्रवासियों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है।
क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगें:-
जयपुर–भोपाल एक्सप्रेस का हमीरगढ़ में नियमित ठहराव।
जोधपुर–इंदौर एक्सप्रेस का पूर्व की भांति पुनः ठहराव।
काचीगुड़ा सहित अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव।
सुबह एवं रात के समय दोनों दिशाओं में कम से कम एक-एक एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव।
स्थानीय नागरिकों ने रेलवे मंत्रालय एवं पश्चिम मध्य रेलवे से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा, औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकता और जनहित को देखते हुए हमीरगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का शीघ्र ठहराव स्वीकृत किया जाए, ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके।
