मंगरोप@मुकेश खटीक।जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव गुरुवार को हमीरगढ़ थाने पहुंचे,जहां थाने में तैनात पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक सलामी दी।इसके पश्चात एसपी यादव ने थाने का वार्षिक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न अभिलेखों एवं रिकॉर्डों की गहनता से जांच की। उन्होंने रिकॉर्ड के संधारण एवं उनके अद्यतन स्थिति का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।साथ ही थाना स्टाफ की उपस्थिति,वर्दी की सुव्यवस्था और अनुशासन का भी निरीक्षण किया गया।एसपी यादव ने पुलिस जवानों को ड्यूटी के प्रति सजग रहने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने,संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा और उनका विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर थानाप्रभारी सुनील कुमार बेड़ा सहित समस्त थाना स्टाफ मौजूद रहा।
