मधुमक्खियों के हमले से दाह संस्कार में मचा हड़कंप, एक दर्जन से अधिक लोग घायल

मांडल (सुरेश चन्द्र मेघवंशी) । थाना क्षेत्र के चक्की चौराहे पर सोमवार को एक महिला के दाह संस्कार के दौरान अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में एक महिला के निधन के बाद बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान पास में मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते में हलचल होने से अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले में घायल लोगों को तुरंत मांडल उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मधुमक्खियों के हमले से कई लोगों को शरीर पर गंभीर डंक लगे हैं। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।