आशापुरा माता धाम में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: सवा लाख बातियों से उतरी बालाजी की महाआरती

स्मार्ट हलचल|ब्यावर स्थानीय आशापुरा माता धाम में हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार को अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में स्थित श्री पंचमुखी बालाजी के अलौकिक श्रृंगार और दिव्य दर्शनों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव के दौरान पूरा मंदिर परिसर फूलों, गुब्बारों और मनमोहक विद्युत सज्जा से जगमगा उठा।
*सुबह से ही लगा भक्तों का तांता*
मंदिर समिति के सह सचिव सुरेश वैष्णव ने बताया कि सुबह से ही भक्त बालाजी के दर्शन के लिए जुटने लगे थे। प्रातः 10 बजे पंचामृत अभिषेक के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। मंदिर के अर्चक ने पंचमुखी बालाजी की प्रतिमा का ऐसा जीवंत और अद्भुत श्रृंगार किया कि भक्त देखते ही रह गए।

*भजन और सुंदरकांड की रही धूम*
दोपहर 1 बजे से नगर के प्रसिद्ध ‘राधे म्यूजिकल ग्रुप’ द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया गया। भजनों की प्रस्तुति पर उपस्थित मातृशक्ति और श्रद्धालु झूम उठे और नृत्य कर वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।
*2100 रोट का भोग और महाआरती*
शाम 5 बजे बालाजी के अतिप्रिय ‘रोट’ का विशेष भोग लगाया गया, जिसमें 2100 रोट की आकर्षक झांकी सजाई गई। शाम 7 बजे उत्सव का मुख्य आकर्षण ‘सवा लाख बातियों’ की महाआरती रही। इसके साथ ही 131 महिलाओं ने सामूहिक रूप से आरती की, जिससे पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
प्रसाद वितरण

महाआरती के पश्चात शाम 7:30 बजे से रोट प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम देखे गए।