भीमड़ा में संत रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

(चिमु धतरवाल)

भीमड़ा । स्मार्ट हलचल |संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी की जयंती के पावन अवसर पर बुधवार को आई माता जी मंदिर, भीमड़ा में समरसता संकल्प अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाटाडू पंचायत समिति क्षेत्र से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, संत-महात्मा एवं श्रद्धालु शामिल हुए।कार्यक्रम से पूर्व कन्याओं द्वारा रथ एवं अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद संत-महात्माओं का आशीर्वाद लेकर उनका सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा नेता बालाराम मूंढ़, जिला महामंत्री चनणाराम बेरड़, जिला प्रवक्ता चेनाराम कड़वासरा, मंडल अध्यक्ष मघराज सऊ, छितर का पार सरपंच बांकाराम धतरवाल, बाटाडू सरपंच प्रवीण चौधरी, भीमड़ा सरपंच किशनलाल कोडेचा, अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी भीमड़ा अध्यक्ष मखनाराम कोडेचा, देवीलाल गर्ग, हरीश गौड़ सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा नेता बालाराम मूंढ़ ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने जात-पात एवं भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान मानने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और नई दिशा देने में प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में आपसी भाईचारे, समानता एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। समाज के सभी वर्गों के विकास, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक समरसता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।

तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का उत्साह

कार्यक्रम के पश्चात भाजपा नेता बालाराम मूंढ़ ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों एवं युवाओं के जोश से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से भीमड़ा का माहौल गूंज उठा।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।