घाटाखेड़ी क्रिकेट टूर्नामेंट में हरनावदाशाहजी की शानदार जीत, छबड़ा को हराकर बना विजेता

संजय चौरसिया

स्मार्ट हलचल|हरनावदाशाहजी क्षेत्र मे बासाहेड़ा खुर्द पंचायत के घाटाखेड़ी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में हरनावदाशाहजी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छबड़ा टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में छबड़ा टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 136 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। छबड़ा के बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत करते हुए हरनावदाशाहजी के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरनावदाशाहजी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम के प्रमुख खिलाड़ी देवेन्द्र राठौर ,गोलू, महावीर, अलताब, फिरोज, रईस और धर्मेंद्र ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम को जीत दिलाई। हरनावदाशाहजी की टीम ने मात्र 10 ओवर में लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट पर कब्जा कर लिया।
फाइनल मुकाबले के हीरो रहे ललित लववंशी, जिन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लेने के साथ ही महत्वपूर्ण 40 रन बनाए। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। हरनावदाशाहजी की इस जीत से खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। मैच के बाद विजेता टीम का जोरदार स्वागत किया गया और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर आयोजकों की सराहना की गई।