नगर निकाय चुनाव में जीत पर बोले योगी!
भाजपा कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम से मिली जीत-मुख्यमंत्री
शीतल निर्भीक
स्मार्ट हलचल,लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब प्रदेश के सभी नगर निगमों में भाजपा को जीत हासिल हुई है। भाजपा ने सभी 17 नगर निगमों में जीत प्राप्त की है। इसी तरह नगर पालिकाओं में भी भाजपा को बड़ी जीत मिली है।भाजपा ने यूपी निकाय चुनाव में एकतरफा जीत के बाद मीडिया को संबोधित किया और प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भाजपा के मेयर प्रत्याशियों की जीत पर खुशी जताई। इस मौके पर उन्होंने भाजपा के सहयोगी दलों अपना दल व निषाद पार्टी के नेताओं को भी धन्यवाद दिया।
उन्होंने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह पहली बार है जब भाजपा ने सभी नगर निगमों में जीत हासिल की है। यूपी में 200 नगर पालिकाएं हैं जिसमें से भाजपा ने 120 से ज्यादा पर जीत हासिल की है। इसके पहले मुख्यमंत्री योगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर भाजपा के सभी समर्पित व कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं सुशासन प्रिय उत्तर प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई!
उन्होंने कहा कि यह विराट विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं डबल इंजन सरकार की जनपक्षीय, विकास परक एवं सर्वसमावेशी नीतियों के प्रति प्रचंड जन-विश्वास को प्रदर्शित करती है। राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए सभी प्रदेश वासियों का हृदयतल से अभिनंदन !मुख्यमंत्री योगी ने रामपुर की स्वार और मिर्जापुर की छानबे विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी भाजपा की जीत पर मतदाताओं का आभार जताया है।