हज़रत इब्राहिम शाह उर्फ़ केली वाले बाबा सा. र.अ. के सालाना उर्स मुबारक का तीन दिवसीय रूहानी आयोजन 2 जून से

निंबाहेड़ा की सरज़मीं पर सजेंगी इबादत,मोहब्बत,सूफ़ियाना रंग और अकीदतमंदों की महफ़िलें

निंबाहेड़ा,27 मई,2026

स्मार्ट हलचल।निंबाहेड़ा शहर की पावन और रूहानी फिज़ाओं में एक बार फिर सूफ़ियाना रंग बिखरने जा रहा है। केली वाले बाबा सेवा संस्थान (रजि.) एवं उर्स कमेटी की ओर से हज़रत इब्राहिम शाह उर्फ़ केली वाले बाबा सा. र.अ. का शानदार सालाना उर्स मुबारक इस वर्ष भी पूरी अकीदत, एहतराम और धार्मिक सौहार्द के साथ आयोजित किया जाएगा। यह तीन दिवसीय रूहानी आयोजन 2 जून से 4 जून 2026 तक नगर परिषद निंबाहेड़ा एवं जन सहयोग से सरकारी बाग,बस स्टेण्ड परिसर में संपन्न होगा।

उर्स मुबारक को लेकर मुस्लिम धर्मावलंबियों सहित सर्व समाज में भारी उत्साह का माहौल बना हुआ है। दरगाह परिसर एवं आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी,सजावट एवं धार्मिक परचमों से सजाया जाएगा। आयोजन में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से अकीदतमंद, जायरीन एवं सूफ़ी प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।

हज़रत इब्राहिम शाह उर्फ़ केली वाले बावा साहब रहमतुल्लाह अलैहे उर्स कमेटी के सचिव इमरान ख़ान ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्स मुबारक के दौरान चादर शरीफ,महफिले मिलाद,तकरीर,कव्वाली,दुआएं,फातेहा ख्वानी,लंगर तकसीम तथा सामूहिक निकाह जैसे विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह आयोजन आपसी भाईचारे,मोहब्बत,इंसानियत और अमन का पैगाम देगा।

*2 जून को निकलेगा जुलूस-ए-चादर शरीफ*

उर्स के प्रथम दिन मंगलवार 2 जून को शाम 4 बजे जुलूस-ए-चादर शरीफ निकाला जाएगा। इसके पश्चात बाद नमाज़ इंशा महफिले मिलाद का आयोजन होगा,जिसमें उलेमा-ए-कराम द्वारा हुज़ूर पाक की सीरत एवं इस्लामी शिक्षाओं पर रोशनी डाली जाएगी।

*3 जून को होगी ख़ुसूसी तकरीर और दीन की बातें*

बुधवार 3 जून को बाद नमाज़ इंशा ख़ुसूसी ख़िताब एवं नाशिरे मस्लके आला हज़रत हज़रत मौलाना मुफ्ती जलीस अहमद रामपुर की तकरीर आयोजित होगी। तकरीर में दीन-ए-इस्लाम,इंसानियत,मोहब्बत,अमन और समाज में भाईचारे का पैगाम दिया जाएगा।

*4 जून को सामूहिक निकाह और सूफ़ियाना कव्वाली की महफ़िल*

गुरुवार 4 जून को सुबह 10 बजे पांच जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन (निकाह) आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम 4 बजे मशहूर कव्वाल हिफ्जुर्रहमान हकीमी कव्वाल, कोटा द्वारा रंगारंग सूफ़ियाना कव्वाली पेश की जाएगी। कव्वाली की महफ़िल में इश्क़-ए-रसूल, औलिया-ए-किराम की शान और सूफ़ी कलामों की गूंज से पूरा वातावरण रूहानी रंग में रंग जाएगा।

इसके साथ ही दस्तारबंदी, फातेहा ख्वानी एवं बाद नमाज़ असर लंगर तकसीम किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद शरीक होंगे।

*उर्स मुबारक देगा अमन, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम*

उर्स कमेटी एवं केली वाले बाबा सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने तमाम अकीदतमंदों, मुस्लिम समाज एवं सर्व समाज से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उर्स मुबारक की रौनक बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि सूफ़ी संतों की शिक्षाएं हमेशा इंसानियत, भाईचारे,प्रेम और कौमी एकता का संदेश देती रही हैं और यही उर्स मुबारक का मूल उद्देश्य भी है।

उर्स कमेटी के सदर हाजी आमीन खान (जागीरदार), सचिव इमरान खान,जॉइंट केशियर नासीर हुसैन मंसूरी, नायब सदर जमील खान ऊर्फ भाया भाई, हुसैन खान कमेटी सदस्य राजा उस्ताद मेवाफरोश, मोहसिन खान, इरफान खान, सद्दाम खान, शराफत मेवाफरोश, मोहम्मद शफी, हैदर मेव एवं असलम नियारगर सहित समस्त कमेटी सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।