खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर कस्बे में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी कर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।शिकायत मिलने पर डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में टीम ने कई क्लीनिकों की जांच की, जिसमें अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किए गए।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले कस्बे में संचालित डॉ. रेहान के क्लीनिक पर छापा मारा।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आयुर्वेद की डिग्री होने के बावजूद बिना पंजीकरण एलोपैथिक दवाओं का प्रयोग किया जा रहा है तथा भ्रूण परीक्षण और गर्भपात जैसे कार्य किए जा रहे हैं। जांच के दौरान क्लीनिक में एलोपैथिक दवाएं मिलीं, जबकि ओपीडी रजिस्टर मांगने पर संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम ने क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने गुरु हेल्थ पाली क्लीनिक और ट्रामा सेंटर, चकिया में भी छापेमारी की। मौके पर चिकित्सक अनुपस्थित मिले, जिस पर वहां मौजूद नर्स को नोटिस देकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी सीएमओ डॉ. पी.के. सिंह ने बताया कि खखरेरू क्षेत्र में केवल आरके मेमोरियल क्लीनिक का पंजीकरण है, जबकि पाली क्लीनिक, रक्षपालपुर, चकिया, घरवासीपुर, रतनपुर और कुल्ली सहित कई स्थानों पर बिना पंजीकरण क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मई माह में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवैध क्लीनिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में नायब तहसीलदार अरुण कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल सुनील चौधरी, डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.के. वर्मा और आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिकेत बाबू शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
