स्वस्थ शुरुआत, आशापूर्ण भविष्य”- विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सीएमएचओ डॉ. सामर ने दिया निरोग जीवन का मंत्र

स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का किया आह्वान

बूंदी- स्मार्ट हलचल|विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सीएमएचओ डॉ. ओ. पी. सामर ने जिलेवासियों को निरोगी जीवन की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ रहने के महत्वपूर्ण गुरु मंत्र साझा किए। इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम स्वस्थ शुरुआत, आशापूर्ण भविष्य के साथ के अनुरूप उन्होंने जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. सामर ने कहा कि वर्तमान समय में गैर संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं और आधुनिक जीवनशैली के चलते स्वस्थ रहना एक बड़ी चुनौती बन गया है। बदलते रहन-सहन, असंतुलित खान-पान और बढ़ते तनाव के बावजूद यदि व्यक्ति अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखे तो वह पूरी तरह स्वस्थ रह सकता है।
उन्होंने सभी को नियमित व्यायाम करने, संतुलित एवं पोष्टिक आहार लेने तथा सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मोबाइल फोन के संयमित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने लोगों को अपनी दिनचर्या में कोई न कोई रचनात्मक हॉबी शामिल करने की भी सलाह दी, जिससे मानसिक संतुलन बना रहता है और जीवन में सकारात्मकता बढ़ती है।
इस अवसर पर एडिशनल सीएमएचओ डॉ. कमलेश शर्मा ने जिले में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए आमजन से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
डॉ. सामर ने अंत में कहा कि “स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए l